वजन घटाने (Weight Loss) की रेस में आजकल लोग तरह-तरह के डाइट प्लान और ट्रेंड्स को अपना रहे हैं। लेकिन क्या ये वाकई प्रभावी हैं? हाल ही में वेट लॉस सर्जन डॉ. प्रशांत शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए वजन घटाने के 6 लोकप्रिय तरीकों की समीक्षा की और उन्हें उनकी प्रभावशीलता और टिकाऊपन के आधार पर रेटिंग दी।
वेट ट्रेनिंग: 100/10 रेटिंग (सबसे प्रभावी)
डॉ. शर्मा ने वेट ट्रेनिंग (Weight Training) को सेहत के लिए सबसे बड़ा निवेश बताया। उन्होंने इसे 100 में से 10 रेटिंग दी और कहा कि यह मांसपेशियों को बनाने, मेटाबॉलिज्म सुधारने और शरीर में फैट कम करने का सबसे सही तरीका है।
चलना (Walking): 10/10 रेटिंग
रोजाना 10,000 कदम चलने को उन्होंने 'सिंपल और फ्री' बताया। उनके अनुसार, यह न केवल वजन कम करने में मदद करता है बल्कि हृदय स्वास्थ्य और मानसिक शांति के लिए भी जरूरी है।
इन डाइट प्लान्स को बताया 'बेकार' (0/10 रेटिंग)
डॉक्टर ने कुछ मशहूर डाइट ट्रेंड्स को सिरे से खारिज कर दिया:
- OMAD (दिन में एक बार खाना): इसे उन्होंने 'अवैज्ञानिक' करार दिया। उनके अनुसार, इससे मांसपेशियों की हानि (Muscle loss) हो सकती है और मेटाबॉलिज्म बिगड़ सकता है।
- डिटॉक्स डाइट (Detox Diets): डॉ. शर्मा ने इसे केवल एक मार्केटिंग हथकंडा बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारे शरीर को डिटॉक्स करने का काम लीवर और किडनी प्राकृतिक रूप से करते हैं, इसके लिए किसी विशेष डाइट की जरूरत नहीं है।
- स्मूदी डाइट (Smoothie Diets): इसमें फाइबर की कमी और शुगर की अधिकता के कारण उन्होंने इसे सेहत के लिए नुकसानदेह बताया।
इंटरमिटेंट फास्टिंग: 3/10 रेटिंग
इंटरमिटेंट फास्टिंग को लेकर डॉक्टर ने कहा कि यह कम समय के लिए तो परिणाम दे सकती है, लेकिन इसे लंबे समय तक जारी रखना मुश्किल है। महिलाओं में यह हार्मोनल असंतुलन का कारण भी बन सकती है।
विशेषज्ञों की सलाह
फिटनेस कंसल्टेंट साधना सिंह के अनुसार, बहुत सख्त डाइट (Extreme Diets) से शुरू में वजन तो कम होता है, लेकिन वह ज्यादातर पानी और मांसपेशियों का वजन होता है, फैट नहीं। जैसे ही आप सामान्य डाइट पर लौटते हैं, वजन दोगुनी तेजी से वापस आता है।
निष्कर्ष: वजन घटाने का सबसे अच्छा तरीका वह है जिसे आप जीवनभर अपना सकें। इसमें प्रोटीन युक्त आहार, भरपूर नींद, शारीरिक सक्रियता और कैलोरी का संतुलन सबसे महत्वपूर्ण है।